
दुद्धी (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य फाइनल मुकाबला दिनांक 23 जनवरी 2026 को खेला गया। फाइनल मैच में भभुआ एवं दुद्धी की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर भभुआ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भभुआ की टीम ने शानदार शुरुआत की और निर्धारित 18 ओवर में 7 विकेट खोकर 168 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। भभुआ की ओर से प्रशांत (35 रन), राजन (29 रन), अंकुश (27 रन) एवं रोहित (27 रन) ने उपयोगी पारियां खेलीं। वहीं दुद्धी की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए ओंकार शुक्ला ने 4 ओवर में 30 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि शुभम ने 2 विकेट और दीपक ने 1 विकेट अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुद्धी की टीम ने दर्शकों को अंत तक रोमांच से भर दिया। दुद्धी की टीम ने 19.2 ओवर में 7 विकेट खोकर 172 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। दुद्धी की जीत में रूपेश (38 रन) और सुरेश (38 रन) की शानदार बल्लेबाजी अहम रही। इसके अलावा आकाश (26 रन) और सोनू (26 रन) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। भभुआ की ओर से गेंदबाजी में विकास ने 3 विकेट तथा शिवम ने 2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम जीत से दूर रह गई।
इस तरह दुद्धी की टीम ने भभुआ को 3 विकेट से पराजित कर फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रूपेश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। मुकाबले में अंपायर की भूमिका सुमित यादव एवं सतीश ने निभाई, जबकि अजीत पांडे ने कमेंट्री कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।












