
सिद्धार्थनगर पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच महीने से फरार चल रहे फर्जी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बलराम त्रिपाठी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भनवापुर ब्लॉक के हरना खुरी स्कूल में शिक्षक के पद पर नौकरी हासिल की थी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक कुमार महाजन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्रिलोकपुर थाने की पुलिस टीम ने आरोपी को कोहड़ौरा के पास से धर दबोचा।
थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी इंद्रजीत सिंह, अमरेश पांडेय और आरक्षी पिंटू सरोज की टीम ने यह कार्रवाई की।
गोंडा जिले के छपिया थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव का रहने वाला बलराम त्रिपाठी करीब पांच महीने पहले फर्जी शिक्षक के रूप में पकड़ा गया था। इसके बाद पुलिस ने धारा 319(2)/318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन तब से वह फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाही के बाद न्यायालय में पेश किया है।







