
दक्षिण-पूर्व एशिया एक बार फिर युद्ध की आहट से दहल उठा है। थाईलैंड और कंबोडिया के बीच बीते दो दिनों से जारी हिंसक सीमा झड़पों में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों नागरिकों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा है।
इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच कंबोडिया ने संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से एक अपील जारी करते हुए कहा है कि “बिना किसी शर्त के तत्काल युद्धविराम लागू किया जाए।”
कंबोडिया के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत चेया केओ ने कहा:
“हम चाहते हैं कि यह हिंसा तुरंत रुके और इस विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकले।”
हालांकि थाईलैंड की ओर से अभी तक इस प्रस्ताव पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
इधर थाईलैंड ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीमा से सटे आठ जिलों में मार्शल लॉ लागू कर दिया है।
थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचयाचाई ने चेतावनी दी है कि
“हालात तेजी से युद्ध की ओर बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि अब झड़पें सिर्फ गोलीबारी तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि भारी हथियारों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। यह संघर्ष अब तक 12 सीमावर्ती इलाकों में फैल चुका है।
इससे पहले भी थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद को लेकर कई बार हिंसक संघर्ष हो चुके हैं, लेकिन इस बार हालात बेहद गंभीर माने जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की निगाहें अब इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी हैं।



