महुली में चौकों-छक्कों की बरसात, पकरी और शिवाजी तालाब ने दर्ज की शानदार जीत

महुली/दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_। विकास खंड दुद्धी के अंतर्गत महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित श्री राजा बरियार शाह नाइट कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच, रोमांचक बल्लेबाजी और शानदार खेल प्रदर्शन के साक्षी बने। देर रात तक चले मैचों में खिलाड़ियों ने चौकों-छक्कों की झड़ी लगाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैदान पर मौजूद खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए हर बेहतरीन शॉट पर तालियों की गूंज से माहौल को उत्सवमय बना दिया। 
टूर्नामेंट के दूसरे दिन का पहला मुकाबला पकरी और घिवही के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पकरी की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर टीम ने 166 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाज निशु ने मात्र 23 गेंदों पर 61 रन की तूफानी पारी खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी घिवही की टीम पकरी के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित ओवरों में 108 रन ही बना सकी। इस तरह पकरी ने 58 रन से शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए निशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में जमुई (झारखंड) और शिवाजी तालाब दुद्धी की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवाजी तालाब दुद्धी की टीम ने विस्फोटक अंदाज में खेलते हुए 10 ओवरों में 3 विकेट पर 187 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम के स्टार बल्लेबाज टिन्नी ने 31 गेंदों पर 93 रन की धमाकेदार पारी खेली, जबकि विशाल ने 14 गेंदों पर 43 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में जमुई की टीम 85 रन पर सिमट गई और शिवाजी तालाब ने 102 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल की। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार विकास कुमार कन्नौजिया उर्फ बबलू के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
मुकाबलों में नंदकिशोर कन्नौजिया, गोलू, संस्कार सिंह एवं आशु गोस्वामी ने अंपायर की जिम्मेदारी निभाई। वहीं सोनू कुमार ने स्कोरर तथा अभिरंजन कुमार कन्नौजिया ने आंखों देखा हाल प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, राजनाथ गोस्वामी, अमरेश कुमार कन्नौजिया, मनोज कुमार कन्नौजिया, सूरज कुमार, सन्नी कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन और रोमांचक मुकाबलों ने क्षेत्र में खेल के प्रति युवाओं के बढ़ते उत्साह को एक बार फिर उजागर किया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





