

डीडवाना-कुचामन, जिले में जिला प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा गुरुवार को जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने शहरी व ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण कर शिविरों की आवश्यक व्यवस्थाओं और प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के तहत जिला प्रभारी सचिव डॉ समित शर्मा गुरुवार को सर्वप्रथम जिले के परबतसर पहुँचे जहां उन्होंने नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, उपखंड अधिकारी कुसुमलता चौहान, अधिशाषी अधिकारी महेन्द्र सिंह चारण, नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. समित शर्मा ने पीएचईडी, एवीवीएनएल, चिकित्सा विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने शिविर में उपस्थित आमजन की समस्याओं एवं परिवेदनाओं की जनसुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला प्रभारी सचिव द्वारा शिविर में आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। नगरपालिका परबतसर द्वारा 10 लाभार्थियों को आवासीय पट्टे, 2 नाम हस्तांतरण प्रकरणों तथा 2 भवन निर्माण स्वीकृतियों का लाभ प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY 2.0) के अंतर्गत 7 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में ₹50,000-₹50,000 की राशि वितरित की गई। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 8 लाभार्थियों को ₹15,000-₹15,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। साथ ही शिविर में नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए 8 जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र भी जारी किए गए तथा दिव्यांग लाभार्थियों को व्हीलचेयर एवं सहायक उपकरण प्रदान किये।
शिविर में प्रभारी सचिव डॉ. समित शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
इसके पश्चात प्रभारी सचिव डॉ. शर्मा मकराना पहुँचे जहां उन्होंने नगर परिषद मकराना में आयोजित शहरी सेवा शिविर का जायजा लिया और शिविर की आवश्यक व्यवस्थाओं व प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान प्रभारी सचिव ने शहरी सेवा शिविर में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। इस अवसर पर विधायक श्री जाकिर हुसैन गैसावत, प्रधान सुमिता भींचर सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद जिला प्रभारी सचिव ने मकराना उपखंड की ग्राम पंचायत जाखली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया।
उन्होंने शिविर में विभागीय काउंटर का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं व कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की और लाभांवित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना सहित अन्य विभागों द्वारा शिविर में किये जा रहे कार्यों व योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों द्वारा दिये गए परिवादों विभिन्न परिवादों यथा रास्ता खुलवाने, सीसी रोड बनवाने सहित अन्य प्रकरणों की सुनवाई कर अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर अवधेश मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार, प्रधान सुमिता भींचर, उपखंड अधिकारी बाबूलाल जाट सहित सभी विभागों के अधिकारी, कार्मिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



