मौत को दावत देता सफर! ओवरलोड पिकअप में ठूंसे गए मासूम छात्र-छात्राएं, जिम्मेदार बने बेखबर

महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_जनपद के महुली से जोरकहू होते करहिया जाने वाले मार्ग पर स्कूली बच्चों और ग्रामीण यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। शनिवार, 18 जुलाई 2026 को इस मार्ग पर संचालित एक पिकअप वाहन में क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां भरकर खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि वाहन में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीण यात्रियों को भी बेहद असुरक्षित तरीके से सफर कराया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे गुजर रहे इस पिकअप वाहन में लोगों को इस कदर ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था कि कई छात्र वाहन के पिछले हिस्से से लटककर यात्रा करने को मजबूर थे। छात्राओं सहित अन्य यात्रियों को भी जोखिम भरे ढंग से बैठाया गया था। वाहन की एक छोटी-सी चूक या अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों का कहना है कि महुली–जोरकहू–करहिया मार्ग पर यह स्थिति लगभग रोज देखने को मिलती है। मालवाहक वाहनों में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को सवार कर नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस लापरवाही पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी भी दिन कोई बड़ा सड़क हादसा कई परिवारों की खुशियां छीन सकता है। मासूम बच्चों की जान के साथ इस तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों, अभिभावकों एवं सामाजिक लोगों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर ओवरलोड एवं अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित वाहन चालक एवं संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और स्कूली बच्चों व ग्रामीण यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







