
हाथरस सिकंदराराऊ पुरदिलनगर निवासी 22 वर्षीय डीजे मिस्त्री प्रिंस पुत्र भगवानदास की सोमवार देर रात करंट लगने से मौत हो गई। वह कचौरा चौकी क्षेत्र के गांव चमनपुरा में एक शादी समारोह के दौरान डीजे का तार जोड़ रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
प्रिंस शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों में डीजे व लाइट लगाने का कार्य करता था। सोमवार रात वह गांव चमनपुरा में करताप सिंह के यहां मंडप कार्यक्रम में डीजे लगा चुका था। रात करीब 12 बजे कुछ युवकों ने डीजे की आवाज ठीक करने को कहा। जैसे ही प्रिंस ने तारों को ठीक करने के लिए हाथ लगाया, उनमें करंट दौड़ने से उसे जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार 22 जुलाई को उसकी बुआ के नाती की शादी थी। घटना की सूचना मिलने पर ग्रेटर नोएडा में रहने वाला उसका भाई शैलेंद्र और अन्य परिजन मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। प्रिंस अविवाहित था।









