
सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आठवें दिवस सागर जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह अभियान केवल पुलिस का नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन है। परिवार, विद्यालय, सामाजिक संस्थाएं, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, युवा एवं प्रत्येक जागरूक नागरिक की सहभागिता से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इस सामाजिक बुराई से बचाने के लिए आगे आएं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा यदि शिक्षा, खेल, कौशल और राष्ट्र निर्माण में लगेगी तो समाज स्वतः नशामुक्त होगा। उन्होंने कहा कि सागर पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना नहीं, बल्कि युवाओं को सही दिशा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना भी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, परिवार की खुशियों और समाज की प्रगति—तीनों को प्रभावित करता है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम निरंतर जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि नशे के विरुद्ध चल रहे इस अभियान में सक्रिय भागीदार बनें और नशामुक्त सागर के निर्माण में अपना योगदान दें। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर गणमान्य व्यक्तियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, समाजसेवियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए नशामुक्ति संदेशों का व्यापक प्रसारण किया गया। इन प्रेरक संदेशों के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही सागर पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर नशे की लत से बाहर निकलकर नया जीवन शुरू करने वाले व्यक्तियों की प्रेरणादायक कहानियों (मोटिवेशनल स्टोरी) का प्रसारण किया गया। इन वास्तविक अनुभवों ने यह संदेश दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिवार के सहयोग और समाज के सकारात्मक समर्थन से नशे जैसी गंभीर लत पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है। जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन करते हुए नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया। सागर पुलिस का “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान निरंतर जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ रहा है। पुलिस का विश्वास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सहयोग से सागर जिले को नशामुक्त बनाने का संकल्प अवश्य सफल होगा।







