A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

11 से 21 अगस्त तक सदर अस्पताल में लगेगा आरबीएसके विशेष चिकित्सा शिविर

IMG 20260806 WA0314

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत 11 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक सदर अस्पताल, धनबाद में आयोजित होने वाले विशेष चिकित्सा शिविर की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविर की प्रत्येक व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

शिविर में सदर अस्पताल, एसएनएमएमसीएच, एसएसएलएनटी अस्पताल, रिम्स/देवकमल (रांची) तथा पारस अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर के दौरान क्लब फुट, दंत रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), क्लेफ्ट लिप एवं पैलेट तथा त्वचा रोग से पीड़ित 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की जांच, आवश्यक परीक्षण, परामर्श एवं उपचार किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऑपरेशन थिएटर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, आधुनिक मशीनें, दवाएं, रक्त की उपलब्धता, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, विशेष बेड, बच्चों के लिए अलग कक्ष तथा अन्य सभी चिकित्सा सुविधाएं पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं ताकि उपचार के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

उन्होंने कहा कि शिविर में प्रतिदिन आने वाले बच्चों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए एम्बुलेंस, वाहन, परिवहन, पंजीकरण, स्क्रीनिंग, जांच एवं रेफरल की समुचित व्यवस्था रहे। शिविर में भर्ती बच्चों के लिए विशेष वार्ड तथा आवश्यक देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, आरबीएसके टीम, सीएचसी एवं एचएससी के माध्यम से पूर्व में चिन्हित बच्चों को शिविर तक लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। किसी भी पात्र बच्चे का उपचार छूटना नहीं चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिदिन शिविर की मॉनिटरिंग की जाएगी तथा जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी शिविर का नियमित निरीक्षण करेंगे। सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी सूची, आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की सूची तथा उपचार संबंधी सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल, एसएनएमएमसीएच, एसएसएलएनटी अस्पताल, शिक्षा विभाग, आरबीएसके टीम एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!