बस्ती: थाना पैकोलिया पुलिस ने करोड़ों रुपये के गबन के मामले में 02 वांछित अभियुक्तों को किया गिरफ्तार।

अजीत मिश्रा (खोजी)
बस्ती में गरीबों की गाढ़ी कमाई पर डाका: सीएसपी (CSP) की आड़ में करोड़ों डकारने वाले दो शातिर गिरफ्तार
- सीएसपी (CSP) संचालन की आड़ में गरीबों की गाढ़ी कमाई ठगने वाले दो शातिर दबोचे गए, करोड़ों के फर्जीवाड़े का पर्दाफाश।
- फर्जी रसीदें देकर और ग्राहकों का पैसा निजी खातों में डंप करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।
बस्ती।। गरीबों का खून-पसीना चूसने और डिजिटल बैंकिंग व ग्राहक सेवा केंद्रों के नाम पर जनता को लूटने वाले जालसाजों के खिलाफ बस्ती पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है. थाना पैकोलिया क्षेत्र में सीएसपी संचालन की आड़ में गरीबों की गाढ़ी कमाई का करोड़ों का गबन करने वाले दो शातिर वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने धर दबोचा है. प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया श्री मोती चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय रवाना कर दिया है।
यह पूरा काला खेल तब परत-दर-परत खुला जब 21 अप्रैल 2026 को कुल 32 पीड़ित ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर कर पुलिस को तहरीर सौंपी. विवेचना में जो तथ्य सामने आए, वे रोंगटे खड़े करने वाले हैं. सीएसपी केंद्र पर काम करने वाली रिशा वर्मा और चंदन विक्रम ने शातिर तरीके से गरीब जनता को मिलने वाली सहायता राशि व जमापूंजी को उनके खातों में पहुंचाने के बजाय खुद के और चंदन विक्रम के खातों में डंप करना शुरू कर दिया. भोले-भाले और अनपढ़ ग्राहकों को आंखों में धूल झोंकने के लिए फर्जी रसीदें थमाई जाती थीं, वहीं जवाहरलाल द्वारा बैंक चेक को झूठा एफडी (FD) बताकर बड़ा झांसा दिया जाता था।
जांच के दौरान पिछले 3 वर्षों के वित्तीय लेन-देन ने इस गबन के बड़े आकार की पोल खोल दी है. आरोपी रिशा वर्मा के केशवपुर स्थित बैंक खाते में 97,00,000/- रुपये, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) खाते में 22,10,000/- रुपये और फंड ट्रांसफर के रूप में 11,93,000/- रुपये सीधे गरीबों के हक को मारकर निजी उपभोग में उड़ाए जाने का गंभीर मामला पाया गया है. इसके अलावा, ग्राहकों के बैंक स्टेटमेंट के सूक्ष्म अवलोकन से दिवाकर के खाते में भी 9,07,500/- रुपये ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई है.
पैकोलिया थाने में पंजीकृत मु0अ0सं0 52/2026 के अंतर्गत धारा 319(2), 316(5), 338, 336(3), 340(1), 61(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय चंदन विक्रम (पुत्र जवाहरलाल, निवासी औरातोंडा, थाना पैकोलिया) और 28 वर्षीया रिशा वर्मा (पुत्री रामनारायण, निवासी चौबेपुर, थाना हर्रैया) के रूप में हुई है. इस आपराधिक नेटवर्क में शामिल अन्य चेहरों की तलाश और प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई तेजी से जारी है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





