तारानगर । गांव धीरवास बड़ा में तारानगर रोड स्थित शिव गोरख मिष्ठान भंडार के पास गुरुवार को गोगाजी महाराज के श्रद्धालुओं के लिए विशाल नि:शुल्क भंडारे का आयोजन किया गया।
भंडारा लगातार 24 घंटे तक चलेगा, जिसमें गोगामेड़ी की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को भोजन, प्रसाद और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर जिम्मेदारी निभाई। श्रद्धालुओं के लिए बैठने, भोजन कराने और पानी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक माहौल बना रहा और गोगाजी महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय नजर आया। धीरवास बड़ा के ग्रामीणों की सामूहिक पहल
आयोजन के संबंध में रामपाल पारीक ने बताया कि धीरवास ने मिलकर इस विशाल भंडारे का आयोजन किया।
गोगामेड़ी जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा और उन्हें रास्ते में भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह भंडारा लगाया गया। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा और सामाजिक एकजुटता का उदाहरण बताया।
14वां गोगाजी महाराज जागरण होगा
आयोजकों ने बताया कि धीरवास बड़ा में गोगाजी महाराज की भक्ति और आस्था से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गोगाजी महाराज का 14वां जागरण आयोजन भी किया जाएगा।
जागरण को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन में समस्त मोहल्ले वासी रही भूमिका
आयोजकों ने बताया कि भंडारे को सफल बनाने में वार्डवासियों और ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।
भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे ग्रामीणों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और राहगीर श्रद्धालुओं की सेवा करना भी पुण्य का कार्य है। इसी भावना के साथ 24 घंटे तक नि:शुल्क भंडारे की व्यवस्था की गई।