पेड़ से टकराई अनियंत्रित बाइक, दो युवक गंभीर

महुली बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा, पीआरबी जवानों ने समय पर पहुंचाया अस्पताल; जिला अस्पताल रेफर
विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित विशाल बरगद के पेड़ से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके से गुजर रही डायल 112 पीआरबी टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार हरनाकछार गांव निवासी श्याम बिहारी (24) पुत्र लखन और मनीष कुमार (22) पुत्र सुरेंद्र कुशवाहा बाइक से महुली बाजार गए थे। दोनों रात में बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
जोरूखाड़ गांव के पास पहुंचते ही अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान विंढमगंज थाना की ओर जा रही डायल 112 पीआरबी वाहन संख्या UP32 DG 6075 पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर घायल युवकों पर पड़ी। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों को अपने वाहन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया और अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। घायलों की मदद करने वाली पीआरबी टीम में कांस्टेबल मनीष कुमार, मनमोहन यादव और चालक विजय यादव शामिल रहे।
पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदना की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों के मुताबिक जोरूखाड़ के इस हिस्से में आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे होते रहते हैं।
लोगों ने संबंधित विभाग से दुर्घटना संभावित स्थान का सर्वे कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराने तथा हादसों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







