सर्पदंश से मौतों पर रोक की मांग, कांग्रेस ने डीएम कार्यालय पर किया धरना-प्रदर्शन

सिद्धार्थनगर, 08 सितंबर। जनपद में सर्पदंश से हो रही मौतों पर रोक लगाने और ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में एंटी-स्नेक वेनम (ASV) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर सभी CHC, PHC एवं ग्रामीण अस्पतालों में पर्याप्त एंटी-स्नेक वेनम, 24 घंटे उपचार, ऑक्सीजन, जीवनरक्षक दवाओं और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त ने कहा कि सर्पदंश से होने वाली मौतें केवल स्वास्थ्य समस्या नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के जीवन से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है। समय पर एंटी-स्नेक वेनम और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने पर बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई जा सकती है।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाओं के बाद समय पर इलाज नहीं मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सरकार से ग्रामीण इलाकों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने तथा एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि सिद्धार्थनगर का बड़ा हिस्सा ग्रामीण एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है, जहां सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि किसी गरीब परिवार के सदस्य की मौत सिर्फ इसलिए नहीं होनी चाहिए कि नजदीकी सरकारी अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध नहीं था। उन्होंने सभी CHC, PHC एवं ग्रामीण अस्पतालों में पर्याप्त स्टॉक, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को सर्पदंश के मानक उपचार का प्रशिक्षण देने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश सचिव डॉ नादिर सलाम ने कहा जनहित के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा इस मौके पर पूर्व विधायक चौधरी रविन्द्र प्रताप, बख्तियार उस्मानी, अभिनय राय, जावेद मोकीम, बस्ती कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी, पंकज चतुर्वेदी, डॉ. नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, अनिल सिंह अन्नू, सादिक अहमद, असलम खुर्शीद, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, बदरे आलम, शाहिद प्रधान, रितेश त्रिपाठी, जिल्ले गालिब, डॉ. प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




