संदीप गुप्ता जिला संवाददाता हरिद्वार
समाजसेवी जिला उपाध्यक्ष व्यापार मंडल संदीप गुप्ता के प्रार्थना पत्र पर तत्काल कार्रवाई, गंगा में गणेश प्रतिमा विसर्जन रोकने को शहर में लगाए गए जागरूकता बैनर
हरिद्वार। गंगा की निर्मलता एवं धार्मिक आस्था की रक्षा को लेकर समाजसेवी एवं जिला उपाध्यक्ष व्यापार मंडल संदीप गुप्ता द्वारा दिनांक 11 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी महोदय को प्रार्थना पत्र देकर गंगा जी में गणेश जी सहित अन्य मूर्तियों के विसर्जन पर प्रभावी रोक लगाने तथा इसके लिए शहर के प्रमुख घाटों एवं बाजारों में जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई थी।
संदीप गुप्ता ने अपने पत्र में एनजीटी के दिशा-निर्देशों एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रावधानों का हवाला देते हुए प्रशासन से आग्रह किया था कि श्रद्धालुओं को गंगा में मूर्ति विसर्जन न करने के लिए जागरूक किया जाए तथा इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था एवं व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसी क्रम में उन्होंने नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार को भी प्रार्थना पत्र देकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था।
प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसका सकारात्मक असर अब हरिद्वार शहर में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। शहर के प्रमुख गंगा घाटों एवं बाजारों में लोगों को गंगा जी में गणेश जी की प्रतिमा विसर्जित न करने के लिए जागरूक करने वाले बैनर लगाए गए हैं। इन बैनरों में एनजीटी के दिशा-निर्देशों का भी उल्लेख किया गया है।
संदीप गुप्ता ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी महोदय एवं नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा समयबद्ध तरीके से की गई यह पहल गंगा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और जीवन का आधार हैं। इसलिए गंगा की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि गणेश जी की प्रतिमाओं को गंगा में विसर्जित न करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक व्यवस्था का ही उपयोग करें।