तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत छह गंभीर रूप से घायल

आजमगढ़ | फूलपुर
रिपोर्ट: पत्रकार सुरेश कुमार धारिया
आजमगढ़ के फूलपुर क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम जगदीशपुर के पास हुई दर्दनाक घटना में तीन बच्चों की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृत बच्चों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत देने के उद्देश्य से फूलपुर नगर में कैंडल मार्च निकालकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कैंडल मार्च आचार्य बाबा मंदिर से शुरू होकर शंकर जी तिराहा, फूलपुर पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। मार्च में नगर के सम्मानित नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान राम आशीष बरनवाल ने कहा कि उनके कार्यकाल में इससे पहले ऐसी दर्दनाक घटना देखने को नहीं मिली। इस घटना से पूरा फूलपुर नगर शोक में डूबा हुआ है।
वहीं समाजसेवी राजेश मोदनवाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल मदद के लिए प्रयास शुरू किए। उन्होंने फूलपुर और आजमगढ़ के साथ-साथ फूलपुर कोतवाली में संपर्क करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती लोगों की देखभाल और हर संभव मदद के लिए उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
डॉ. आरबी वर्मा ने कहा कि तीन मासूम बच्चों के साथ हुई यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सजग और सतर्क रहने की अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना दोबारा न हो।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने मौन रखकर दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं हिम्मत मिलने की कामना की।
कैंडल मार्च में प्रमुख रूप से राम आशीष बरनवाल, डॉ. आरबी वर्मा, अनिल सोनकर, राजेश मोदनवाल, सुरेश मौर्य, मदन मोदनवाल, चंद्रिका प्रताप यादव, आकाश बरनवाल, भानु प्रताप सहित नगर के कई सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
पत्रकार — सुरेश कुमार धारिया
व्हाट्सएप नंबर 9839410010
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







