कृषि भूमि पर संचालित चार अवैध टेक्सटाइल इकाइयां ध्वस्त

जोधपुर : ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि पर अवैध रूप से संचालित टेक्सटाइल इकाइयों के विरुद्ध कार्रवाई के क्रम में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल, क्षेत्रीय कार्यालय जोधपुर ग्रामीण एवं उपखंड प्रशासन शेरगढ़ की संयुक्त टीम ने पुलिस दस्ते के साथ ग्राम सोइन्तरा, जयसिंहपुरा एवं करणीसर में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। क्षेत्रीय अधिकारी जोधपुर ग्रामीण जगदीश चौधरी ने बताया कि जिला कलेक्टर कार्यालय एवं माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित हाई पावर्ड कमेटी से प्राप्त शिकायत/सूचना के आधार पर उपखंड अधिकारी शेरगढ़ के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम में मण्डल के कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी आशीष गुर्जर, तहसीलदार लालाराम मीणा, स्थानीय पटवारी एवं पुलिस दल शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान कृषि भूमि पर चार अवैध टेक्सटाइल इकाइयां संचालित पाई गईं।
इन इकाइयों में कपड़ा धुलाई के लिए बनाए गए हौदों आदि के माध्यम से रासायनिक अपशिष्ट जल खुले में भूमि पर प्रवाहित किया जा रहा था। मौके पर पाई गई इकाइयों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त करवाया गया तथा विद्युत संबंध भी विच्छेदित करवाए गए।
कार्रवाई के दौरान खुले में प्रवाहित एवं जमा रासायनिक पानी के नमूने भी संकलित किए गए, जिन्हें विश्लेषण के लिए क्षेत्रीय प्रयोगशाला, जोधपुर में जमा करवाया जाएगा। क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि कृषि एवं रहवासी भूमि पर अवैध टेक्सटाइल इकाइयों के संचालन के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर उपखंड स्तरीय सतर्कता टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खातेदारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाने तथा खातेदारी निरस्त करने की प्रक्रिया उपखंड प्रशासन द्वारा नियमानुसार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाली ऐसी इकाइयों एवं गतिविधियों के विरुद्ध मण्डल की निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







