जिला कलेक्टर रंजन ने श्री शिवराम नत्थुराम जी टाक राजकीय जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

जोधपुर : जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने शिवराम नत्थुराम जी टाक राजकीय जिला अस्पताल का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा अस्पताल की विभिन्न इकाइयों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सा अधिकारियों को मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुगम, त्वरित एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद मरीजों से संवाद कर पंजीकरण प्रक्रिया एवं उन्हें आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं त्वरित बनाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी एवं प्रतीक्षा का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीकरण, ओपीडी, जांच सुविधाओं एवं अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से सूचना बोर्ड्स पर प्रदर्शित की जाए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को संबंधित कक्ष अथवा सेवा की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके। श्री रंजन ने अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण कर वहां ऑक्सीजन सप्लाई, साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा वेंटिलेटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपातकालीन सेवाओं में आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों। जिला कलक्टर ने इमरजेंसी में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से भी संवाद किया और अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि मरीजों को आवश्यक उपचार एवं जानकारी समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने अस्पताल परिसर में विभिन्न स्थानों पर सूचना व्यवस्था का भी अवलोकन किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख स्थानों पर समुचित सूचना बोर्ड्स का संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा उनमें संबंधित चिकित्सा सेवाओं, कक्षों एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित रहे, जिससे आमजन को अस्पताल में आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा हो। श्री रंजन ने रिकवरी रूम, ऑपरेशन थिएटर कक्ष, जनरल ओपीडी, सीटी स्कैन रूम तथा डायलिसिस वार्ड सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं कार्मिकों को चिकित्सा सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच की तथा अस्पताल में संधारित किए जा रहे अभिलेखों की जानकारी ली।
उन्होंने सभी आवश्यक रिकॉर्ड को ऑनलाइन संधारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रिकॉर्ड प्रबंधन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं त्वरित बनाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रिकॉर्ड संबंधी प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब को दूर करने तथा कार्यप्रणाली को और अधिक गति देने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को आवश्यक सेवाओं के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिला कलक्टर ने प्रसूता वार्ड एवं शिशु रोग वार्ड का भी निरीक्षण किया और वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को वार्डों में स्वच्छता, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं एवं मरीजों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का समुचित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर श्री सुरेंद्र सिंह परिहार सहित चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







