राहुल गांधी का आज इंदौर दौरा, जानिए पूरा शेड्यूल

तेजकुमार जारवाल/वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़/
इंदौर मध्य प्रदेश /
इंदौर/कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को देखते हुए देर रात से ही भंवरकुआं चौराहे से लेकर रीजनल पार्क तक भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस के कई विधायक इंदौर पहुंच चुके हैं। करीब एक दर्जन और विधायकों के सुबह तक इंदौर पहुंचने की संभावना है। राज्यसभा सांसद अशोक सिंह भी इंदौर पहुंच चुके हैं।
देर रात पुलिस अधिकारियों ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
रीजनल पार्क के सामने तैयार किए गए ‘भारत जोड़ो मैदान’ में राहुल गांधी का छात्रों के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित होना है। कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए देर रात दो एडिशनल डीसीपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ आसपास के इलाकों और आने-जाने वाले रास्तों की सुरक्षा व्यवस्था को भी देखा। कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
गुरुग्राम से पहुंचीं दो लग्जरी वैनिटी वैन
राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के बीच हरियाणा के गुरुग्राम से दो Luxury Vanity Vans भी इंदौर पहुंच गई हैं। ये दोनों वैन देर रात करीब 12 बजे कार्यक्रम स्थल के नजदीक पहुंचीं। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर मंच, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के साथ-साथ उनकी आवाजाही से जुड़ी तैयारियां भी की जा रही हैं।
दोपहर 1:30 बजे इंदौर पहुंचेंगे राहुल गांधी
जानकारी के अनुसार राहुल गांधी दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली से रवाना होंगे और लगभग 1:30 बजे इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद वे सीधे रेडिसन होटल के लिए रवाना होंगे। इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे राहुल गांधी रेडिसन होटल से एबी रोड होते हुए रीजनल पार्क के सामने स्थित भारत जोड़ो मैदान पहुंचेंगे। यहां वे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में भी खासा उत्साह है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और कांग्रेस नेताओं के शामिल होने की तैयारी है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







