सत्ता और प्रशासन के आगे झुके महापौर? स्वाभिमान के मुद्दे पर बैरवा समाज में तीखा रोष

🔴 तेजकुमार जारवाल
जिला रिपोर्टर | इंदौर
वंदे भारत LIVE TV NEWS
उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल के कथित अपमान को लेकर बैरवा समाज में गहरा रोष, इस्तीफे की मांग तेज
उज्जैन / मध्य प्रदेश:
उज्जैन शहर के प्रथम नागरिक एवं वर्तमान महापौर मुकेश टटवाल के साथ प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान हुए कथित दुर्व्यवहार व अपमान को लेकर बैरवा समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोगों का आरोप है कि प्रदेश व केंद्रीय सत्ताधारी पार्टी के शीर्ष नेताओं और जिला प्रशासन की मौजूदगी में महापौर के मान-सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है।
अखिल भारतीय बैरवा महासभा की भूमिका पर उठे सवाल
घटनाक्रम के बाद बैरवा समाज के युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग ने अखिल भारतीय बैरवा महासभा (मध्य प्रदेश) की कार्यशैली पर भी गहरे सवाल खड़े किए हैं। समाज बंधुओं का कहना है कि महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जी को इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर मुकेश टटवाल को उनके पद से तुरंत इस्तीफा देने की सलाह देनी चाहिए थी, ताकि समाज की स्वाभिमानी छवि और एकजुटता का संदेश पूरे देश में जाए।
इसके विपरीत, महासभा के प्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री से मिलकर केवल आश्वासन लेने की प्रक्रिया को समाज के स्वाभिमान से समझौता बताया जा रहा है। समाज के प्रतिनिधियों का मानना है कि केवल प्रशासनिक कार्रवाई के आश्वासन से समाज के स्वाभिमान पर पहुंचे आघात की भरपाई नहीं हो सकती।
'स्वाभिमान से बढ़कर नहीं होता कोई पद'
बैरवा समाज के प्रबुद्ध जनों और नौजवान साथियों का कहना है कि उज्जैन में बैरवा समाज की ऐतिहासिक एकजुटता और अखंडता के आगे हमेशा राजनीतिक दलों को झुकना पड़ा है। लेकिन वर्तमान स्थिति में पद पर बने रहने के निर्णय से देश भर के बैरवा समाज के प्रत्येक व्यक्ति का मन आहत हुआ है।
समाज के अनुसार, यदि महापौर उसी समय अपने पद से त्यागपत्र दे देते, तो इससे न केवल उनका व्यक्तिगत स्वाभिमान बचता, बल्कि पूरे बैरवा समाज की गरिमा और पहचान भी और अधिक मजबूत होती। समाज के युवाओं और मातृशक्ति ने एक सुर में आह्वान किया है कि राजनीतिक पदों से ऊपर उठकर समाज के मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना ही पहला कर्तव्य होना चाहिए।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







