भिटौली थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर सीओ सदर ने दिए जरूरी निर्देश
भिटौली/महराजगंज। 23 सितंबर 2026
अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बुधवार को थाना भिटौली का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीओ सदर ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय, मालखाना, बैरक, मेस, शस्त्रागार और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के विभिन्न अभिलेखों की जांच करते हुए उन्हें अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए उन्होंने फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली महिला फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर तत्काल कार्रवाई करने तथा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों की समीक्षा कर सीओ ने उनका समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव के साथ मालखाने में रखे माल-मुकदमाती को व्यवस्थित रखने और नियमानुसार निस्तारण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
कानून-व्यवस्था को लेकर रात्रि गश्त बढ़ाने, प्रभावी चेकिंग करने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश पुलिसकर्मियों को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी भिटौली सहित थाने के समस्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।