भाजपा की ‘संचित शक्ति’ को सहेजें, पुराने कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क रखें,कार्यकर्ताओं के अनुभव और योगदान को सहेजना संगठन की जिम्मेदारी – अजय जामवाल

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 *कपुराने कार्यकर्ता भाजपा की संचित शक्ति हैं। जिन कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में संगठन को खड़ा करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया है, उनके अनुभव और योगदान को सहेजना संगठन की जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ एवं पुराने कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों से निरंतर संपर्क रखा जाए तथा नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण से परिचित कराया जाए। यह बात भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सागर में संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए कही।
बैठक को प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे तथा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया। बैठक में प्रदेश शासन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत,धर्मेंद्र लोधी, दिलीप अहिरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ.
लता वानखेड़े, राहुल सिंह, सांसद महेश केवट एवं प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह मंचासीन रहीं। बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल चुनाव के समय की सक्रियता से नहीं आती।
बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को पूरे वर्ष सक्रिय रहना आवश्यक है। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार कर आमजन से निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर की बैठकों का नियमित क्रम बना रहे तथा प्रत्येक बैठक में स्पष्ट एजेंडा तय हो। बैठक में लिए गए निर्णयों की आगे समीक्षा भी की जाए।
कार्यकर्ताओं की बैठकों में अपेक्षित सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों को लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सेवा और जनसंपर्क को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनवाड़ी सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए।
कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों को समाज के बीच संवाद और संगठन से लोगों को जोड़ने के अवसर के रूप में लें। अभियान की जिला स्तर पर नियमित समीक्षा भी की जाए।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि जिन जिलों में मंडल, शक्ति केंद्र अथवा अन्य संगठनात्मक रचनाओं का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है, उसे 30 सितंबर तक पूरा किया जाना चाहिए। सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर संगठन को मजबूत बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि बूथ संगठन पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम, पन्ना प्रमुखों की व्यवस्था और घर-घर संपर्क की योजना मजबूत होनी चाहिए।
कार्यकर्ता अपने बूथ के परिवारों से लगातार संपर्क रखें और उनकी समस्याओं को समझते हुए संवाद बनाए रखें। अजय जामवाल ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले लोगों से कार्यकर्ताओं का निरंतर संपर्क रहना चाहिए।
केवल योजना का लाभ मिलने तक संपर्क सीमित न रहे, बल्कि कार्यकर्ता लाभार्थियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को भी समझें। उन्होंने कहा कि लगातार संपर्क और आत्मीय संवाद से संगठन और समाज के बीच विश्वास का संबंध मजबूत होता है।
युवाओं से संवाद बढ़ाने पर भी उन्होंने जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता युवाओं की आकांक्षाओं और समस्याओं को समझें तथा उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ें।
पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, स्वदेशी और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर भी समाज के बीच जागरूकता बढ़ाई जाए। अजय जामवाल ने कहा कि संगठन को उन पुराने कार्यकर्ताओं की जानकारी भी संकलित करनी चाहिए, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के लिए काम किया और कठिन दौर में संगठन को मजबूत बनाया।
उनके परिवारों से संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ना और सम्मान देना जरूरी है। उन्होंने पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल और 25 सितंबर को पं.
दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को जोड़कर कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन है।
संगठन के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सेवा, संगठन और समाज के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता के साथ पूरा करना होगा।
संगठन द्वारा तय किए गए कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाते हुए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर निरंतर संपर्क एवं संवाद के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाए।
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने बैठक की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए जिले में संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर की तैयारियों एवं चल रहे सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद और समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और मार्गदर्शन को साथ लेकर संगठन की गतिविधियों को प्रत्येक बूथ तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाएगा। बैठक में जिला अध्यक्ष सागर श्याम तिवारी, जिला अध्यक्ष सागर ग्रामीण रानी कुशवाहा, जिला अध्यक्ष टीकमगढ़ सरोज राजपूत, जिला अध्यक्ष छतरपुर चन्द्रभान सिंह, जिला अध्यक्ष दमोह श्याम शिवहरे, जिला अध्यक्ष पन्ना बृजेन्द्र मिश्रा एवं जिला अध्यक्ष निवाड़ी राजेश पटेरिया ने सांगठनात्मक वृत्त प्रस्तुत किया।
बैठक का संचालन प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने किया एवं आभार टोली के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया ने व्यक्त किया। जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक उपरांत क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल,संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर सांसद डॉ लता वानखेड़े विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सागर नगर मंडल के बूथ क्रमांक 163 पर बूथ समिति सदस्यों व स्थानीय कार्यकर्ताओं से भेंट कर लोकतंत्र सेनानियों व वरिष्ठ जनों का सम्मान किया।
इसके बाद मंडल उपाध्यक्ष सचिन घोषी के निवास पर भोजन किया। संभागीय बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, इंजी.
प्रदीप लारिया, हरिशंकर खटीक, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह लोधी, देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, विधायक उमा देवी खटीक, राजेश वर्मा, राजेश शुक्ला, अरविन्द पटेरिया, कामाख्या प्रताप सिंह एवं अनिल जैन, सागर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया, संभागीय कार्यालय मंत्री अनुराग प्यासी, संभागीय सोशल मीडिया प्रभारी अंशुल सिंह परिहार व अपेक्षित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





