आगर-मालवा। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को सांदीपनि विद्यालय में जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। विकासखंड स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने इसमें हिस्सा लेकर भाषण और चित्रकला के जरिए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भाषण के साथ चित्रकला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए किया गया।
कार्यक्रम में विधायक मधु गहलोत, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, एसपी दिलीप सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई भेरूसिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। भाषण प्रतियोगिता में पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल गुराड़िया के छात्र सुरेंद्र सिंह ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर चयनित चित्रकला को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा।
टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी, पुलिस ने बांटे हेलमेट
कार्यक्रम के दौरान स्कूटी वितरण योजना के तहत पात्र एवं टॉपर छात्र-छात्राओं को स्कूटी वितरित की गई। विद्यार्थियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ स्कूटी चलाकर भी उत्साह व्यक्त किया। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हेलमेट वितरित किए गए। उन्हें यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में नजर आई विद्यार्थियों की रचनात्मकता
कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रकला, पोस्टर एवं अन्य रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी लगाई गई। विधायक, कलेक्टर एवं एसपी सहित अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। अतिथियों ने विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प, शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से अवगत कराते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एसडीएम कमल मंडलोई, जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे, एडीपीसी सौरभ जैन, प्राचार्य संजीव उपाध्याय सहित अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे।