*जिला जेल झाबुआ का औचक निरीक्षण एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन*

*जिला जेल झाबुआ का औचक निरीक्षण एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन*
वंदे भारत न्यूज जिला ब्यूरो सुरेश परिहार।
झाबुआ, 29 सितम्बर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव द्वारा 29 सितम्बर 2026 को जिला जेल झाबुआ का औचक निरीक्षण एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा जेल की प्रत्येक पुरुष एवं महिला बैरक में जाकर बंदियों से सीधे संवाद किया गया तथा उनके प्रकरणों की स्थिति, न्यायालय में प्रकरण की वर्तमान स्थिति, अधिवक्ता उपलब्ध होने अथवा नहीं होने सहित अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। बंदियों को उनकी समझ के अनुरूप सरल भाषा में न्यायालयीन कार्यवाही एवं अपील करने की प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
निरीक्षण के दौरान जिन बंदियों के प्रकरणों में अधिवक्ता उपलब्ध नहीं पाए गए, उनके संबंध में प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि ऐसे बंदियों से आवेदन प्राप्त कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को अविलंब भिजवाया जाए, ताकि उन्हें नियमानुसार निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इसके साथ ही जेल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सक की उपलब्धता, बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली गई। उन्होंने बंदियों की दैनिक आवश्यकताओं एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी निरंतर प्रदान की जाए तथा जिन बंदियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उन्हें समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। उक्त शिविर में जिविसेप्रा झाबुआ के सचिव श्री शिव कुमार डाबर, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक, जेल अधीक्षक श्री सुजित खरे, जेल स्टॉफ एवं प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहें।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







