तराना फंटा/आगर-मालवा। उज्जैन-आगर मार्ग पर शुक्रवार शाम रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने दो लोगों की जान ले ली। घोंसला के समीप तराना फंटे पर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में शर्मा ट्रैवल्स की यात्री बस बेकाबू हो गई। बस सड़क किनारे खड़े दो लोगों को कुचलते हुए खाई में जा उतरी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार सहित बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।
*बाइक बचाने के चक्कर में हुआ हादसा*
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP-70-P-0161 आगर से उज्जैन की ओर जा रही थी। इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे पर तराना फंटे के पास अचानक बाइक सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क किनारे खड़े दो लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
*दो की मौत, कई घायल*
दुर्घटना में महेश पिता बापू और मोहन पिता मांगीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार गोपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सवार चार महिलाओं और तीन पुरुषों सहित करीब आधा दर्जन यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
*पुलिस ने संभाला मोर्चा, अस्पताल पहुंचाए घायल*
हादसे की सूचना मिलते ही राघवी थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को घट्टिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
राघवी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह बन्देवार के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले में मर्ग कायम किया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।