कांठ में धूमधाम से मनाया विजय दशमी का पर्व, जगह-जगह हुआ रावण दहन

— 117वीं विजय दशमी शोभायात्रा निकली, मेलों में उमड़ी भीड़, शस्त्रों, शास्त्रों, वाहनों और प्रतिष्ठानों का किया पूजन

कांठ नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी मंगलवार को विजय दशमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक तरीके से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। क्षत्रिय समाज के लोगों ने शस्त्रों, ब्राह्मणों ने शास्त्रों तथा वैश्यों ने बहीखातों का पूजन किया। इसके साथ ही वाहनों और प्रतिष्ठानों में भी विधि-विधान से पूजा की गई। घरों में पकवान बनाए गए और लोगों ने एक-दूसरे को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं, नगर में निकली 117वीं विजय दशमी शोभायात्रा और विभिन्न स्थानों पर आयोजित मेलों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

मंगलवार शाम प्रशासन की ओर से गठित श्री रामलीला मंचन अस्थायी समिति के तत्वावधान में नगर के रामलीला मैदान से 117वीं विजय दशमी शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, वीर हनुमान और विभीषण रथ पर विराजमान थे। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए चेतरामपुर रोड स्थित दशहरा मेला स्थल पर पहुंची। यहां उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने रामलीला मंचन का फीता काटकर शुभारंभ किया, जबकि कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू ने दशहरा मेले का फीता काटकर उद्घाटन किया।

मेला स्थल पर रामलीला मंचन के दौरान भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया गया। विभीषण के बताने पर भगवान श्रीराम ने रावण की नाभि में बाण मारकर उसका वध किया। इसके बाद अग्निबाण चलाकर बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।


**मेलों में उमड़ी भीड़, दुकानों पर हुई खरीदारी
कांठ के चेतरामपुर रोड स्थित मैदान के अलावा तहसील क्षेत्र के कूरी रवाना, सादकपुर खिचड़ी और फत्तेहपुर विश्नोई सहित विभिन्न गांवों में भी दशहरा मेले आयोजित किए गए। मेलों में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने खिलौनों, चाट-पकौड़ी, कपड़ों और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीदारी की। बच्चों ने झूलों और खेल-खिलौनों का आनंद लिया, जबकि महिलाओं ने घरेलू जरूरतों और सौंदर्य प्रसाधन की वस्तुएं खरीदीं। त्योहार के चलते बाजारों में भी खासी रौनक रही। रेडीमेड कपड़ों, जूतों, मिठाइयों और अन्य दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी।

कांठ के दशहरा मेले में भारत विकास परिषद की कांठ शाखा, संत निरंकारी मिशन सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए। शिविरों में लोगों का स्वागत किया गया और पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।

–सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा सतर्क
दशहरा पर्व और मेलों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी दिनभर क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया, तहसीलदार कपिल कुमार आजाद, कांठ थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह, नायब तहसीलदार सिद्धार्थ सक्सेना, कस्बा चौकी प्रभारी राहुल राघव तथा छजलैट थानाध्यक्ष रमेश सहरावत सहित पुलिसकर्मी, राजस्व निरीक्षक और हल्का लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। मेला स्थल पर भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे।

शोभायात्रा और मेले की व्यवस्थाओं में रामलीला समिति के कुंवर सुरेंद्र सिंह, वरिष्ठ सदस्य मुकेश माहेश्वरी, सहयोगी कमेटी के अध्यक्ष धीरज कुमार बिश्नोई, निर्देशक सुधीर कुमार बिश्नोई, कोषाध्यक्ष नवनीत पहलवान,विजय कुमार, अंकित शर्मा इंद्रजीत सिंह बिश्नोई, विनोद लंबरदार, संजय बिश्नोई, सुशील लंबरदार आदि अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। इस दौरान मेले में एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी विजयभान सिंह, जिला पंचायत प्रशासक डॉक्टर शेफाली सिंह, कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू, भाजपा जिला अध्यक्ष आकाश कुमार पाल, जिला महामंत्री नवीन चौधरी, पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री राजन विश्नोई, चौधरी हुकम सिंह, ब्लॉक प्रमुख मुरादाबाद मनीष सिंह, जिला मंत्री विक्रांत सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश माहेश्वरी, सहकारी गन्ना विकास समिति के सभापति कुंवर सुरेंद्र सिंह बिश्नोई, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष महेश चंद्र गुप्ता, प्रमोद बिश्नोई, दीपक बिश्नोई, जिला मीडिया प्रभारी भाजपा संजय ढाका, मंडल अध्यक्ष अंकुश कुमार चौहान, अशोक कुमार बिश्नोई सत्यवान सिंह राजपूत, विजयवीर सिंह, विनोद सैनी, सौरभ अग्रवाल आदि बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सामाजिक लोग मौजूद रहे।




Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







