जिला रिपोर्टर सुरेश चौहान आगर मालवा मध्य प्रदेश आंकली में नलों का प्रेशर कम, कलेक्टर ने जल निगम के अधिकारियों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश स्वामित्व योजना की प्रगति जांची, आटा मि

आगर-मालवा। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था, भू-अधिकारों और स्वरोजगार की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सुसनेर जनपद पंचायत के ग्राम आंकली में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पेयजल टंकी का निरीक्षण कर उन्होंने घर-घर पहुंच रहे पानी की स्थिति देखी। वहीं, ग्रामीणों की शिकायत पर 10 से 15 घरों में नलों से कम प्रेशर से पानी आने की समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश जल निगम के अधिकारियों को दिए।
*घर-घर पहुंचकर देखी जलापूर्ति की स्थिति*
कलेक्टर ने समूह जल प्रदाय योजना के तहत ग्रामीणों के घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से हो रही जलापूर्ति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर पानी की नियमित उपलब्धता की जानकारी ली और जल का उचित उपयोग करने के साथ संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
*स्वामित्व योजना में छूटे परिवारों के सर्वे के निर्देश*
ग्राम आंकली में कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत भू-अभिलेख अधिकारों से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ग्रामीणों से ली। उन्होंने पटवारी को रजिस्ट्री निष्पादन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने योजना से वंचित परिवारों को भूखंड का अधिकार दिलाने के लिए दोबारा आबादी सर्वे कराने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम को आबादी क्षेत्र घोषित कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवारों को अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा सके।
*आटा मिल में उत्पादन और मुनाफे की जानकारी ली*
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने सुसनेर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत श्रीमती मनोरमा देवी पाटीदार द्वारा स्थापित मां पीतांबरा आटा मिल लघु उद्योग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राही से उद्योग के संचालन, गेहूं की उपलब्धता, तैयार आटे के विक्रय और कारोबार से हो रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया।
*संतरा बगीचे में पौधों की देखभाल पर चर्चा*
कलेक्टर ने ग्राम पिपलिया नानकार में कृषक उदय सिंह के खेत पर पहुंचकर संतरे के बगीचे का अवलोकन किया। उन्होंने संतरे के पौधों की उम्र, देखभाल, सिंचाई व्यवस्था और आगामी फल बहार के संबंध में किसान से चर्चा की। इस दौरान खेती से जुड़ी व्यवस्थाओं और बगीचे में पौधों की स्थिति की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी, सुसनेर एसडीएम देवकुंवर सोलंकी, जनपद पंचायत सीईओ अभिषेक यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






