आगर-मालवा। तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के अवसरों से विद्यार्थियों को जोड़ने की दिशा में शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, आगर मालवा ने एक और पहल की। शुक्रवार को सत्यम ऑटो कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, हलोल-वडोदरा (गुजरात) में प्लेसमेंट के लिए वर्चुअल इंटरव्यू आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय की चार इंजीनियरिंग शाखाओं के 45 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
चयन प्रक्रिया में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन तथा सिविल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कंपनी के एचआर प्रतिनिधि ने ऑनलाइन माध्यम से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। इस दौरान विद्यार्थियों के विषयगत ज्ञान, तकनीकी समझ, संवाद कौशल और व्यावसायिक दक्षता का आकलन किया गया।
*उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार हो रहे विद्यार्थी*
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी संदेश भंडारी के समन्वय में आयोजित इस साक्षात्कार का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं से परिचित कराना और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हितेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि संस्थान विद्यार्थियों के कौशल विकास, करियर निर्माण और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण को प्राथमिकता दे रहा है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के साथ कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महाविद्यालय की इस पहल से तकनीकी विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही उद्योग जगत की चयन प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त करने और अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिल रहा है।