कांठ में शांति पूर्ण माहौल में संपन्न हुआ एमएलसी के लिए मतदान, पड़े 71.04 प्रतिशत वोट

कांठ में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के चुनाव के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न हुआ। कांठ तहसील के सभागार में बनाए गए बूथ संख्या 71 पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। शाम चार बजे तक चले मतदान में क्षेत्र के 965 पंजीकृत शिक्षक मतदाताओं में से 689 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कांठ में कुल 71.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही प्रशासन ने केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली थीं। उपजिलाधिकारी कांठ मयंक कुंडू की देखरेख में मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई। कांठ नगर पंचायत, उमरी कलां नगर पंचायत और विकास खंड छजलैट क्षेत्र के शिक्षक मतदाताओं ने बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर शिक्षकों में उत्साह दिखाई दिया और निर्धारित समय तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पहुंचते रहे। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू और पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर कई बार व्यवस्थाओं और मतदान की स्थिति का जायजा लिया। मतदान स्थल पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

चुनाव में भाजपा, समाजवादी पार्टी सहित अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक भी सक्रिय नजर आए। विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मतदान स्थल से 300 मीटर की निर्धारित दूरी पर अपने-अपने टेंट लगाए। यहां मौजूद रहकर वह चुनावी गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। शाम 04:00 बजे मतदान का निर्धारित समय पूरा होने के बाद प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इसके बाद प्रशासन ने मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला मुख्यालय के लिए रवाना कराया। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू ने “वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज” को बताया कि कांठ के बूथ संख्या 71 पर कुल 965 शिक्षक मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 689 मतदाताओं ने वोट डाले। इस प्रकार यहां 71.04 प्रतिशत मतदान हुआ। पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।




Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







