28 अक्टूबर को मतदान, प्रचार के अंतिम दिन सांसद दुष्यंत सिंह ने किया जनसंपर्क

खानपुर(राकेश नागर)। पंचायती राज चुनाव 2026 के दूसरे चरण का चुनाव प्रचार सोमवार शाम छह बजे थम गया। राज्य निर्वाचन आयोग के नियमानुसार मतदान से 48 घंटे पहले चुनावी प्रचार बंद हो गया। प्रचार थमने के साथ ही गांवों में लाउडस्पीकर, रैलियां, वाहन काफिले और सार्वजनिक सभाएं पूरी तरह बंद हो गईं।प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने सुबह से शाम तक गांव-गांव जनसंपर्क कर पूरी ताकत झोंक दी। बड़े-बुजुर्गों के पैर छूकर जीत का आशीर्वाद लिया, वहीं युवाओं से गले मिलकर मतदान की मनुहार की गई। अब प्रत्याशी साइलेंट मोड में घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं को साधने में जुटेंगे।सांसद दुष्यंत सिंह ने सोमवार को हरिगढ़ से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। वे लायफल, बागोद और बिशनखेड़ी होते हुए पनवाड़ बस स्टैंड पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद बस स्टैंड से डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच रोड शो शुरू हुआ। शिवाजी चौराहा होते हुए काफिला गुलमोहर कार्यालय पहुंचा, जहां सांसद का साफा पहनाकर और 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया गया।सांसद के साथ पूर्व संसदीय सचिव नरेंद्र नागर ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशियों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।सांसद दुष्यंत सिंह ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए विकास की गति तेज करने के लिए डबल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और राजस्थान में भजनलाल शर्मा की सरकार मिलकर जनहित और विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही हैं। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं।पूर्व संसदीय सचिव नरेंद्र नागर ने भी भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
27-10-2026 को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को जिला और ब्लॉक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। 28 अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शाम छह बजे तक मतदान केंद्र परिसर में प्रवेश कर चुके सभी मतदाताओं को वोट डालने का अवसर दिया जाएगा।29 अक्टूबर को पंच-सरपंच पद के नामांकन दाखिल होंगे। 30 अक्टूबर को मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम जारी किए जाएंगे। वहीं, 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव संपन्न होगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






