जनता के दरबार में डीएम ने सुनीं फरियादें, 56 आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

जनता के दरबार में डीएम ने सुनीं फरियादें, 56 आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
भभुआ (कैमूर)। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को कैमूर जिले में जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के जनता का दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए।
जिला पदाधिकारी ने प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण पंचायतों तक आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान प्राप्त आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के पास भेजा गया।
ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार, जिला मुख्यालय स्तर पर अब तक 15 अधिकारियों ने 10 नागरिकों से संवाद स्थापित किया। वहीं, जिले के 11 प्रखंडों में 12 अधिकारियों की उपस्थिति में 23 नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराईं। इसके अतिरिक्त पंचायत स्तर पर भी अधिकारियों ने 22 नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को सुना तथा उन्हें दर्ज किया।
जिला प्रशासन की ओर से संचालित इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी तंत्र को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से नागरिकों को सरकारी कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देने के साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जन-संवाद कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों के आधार पर लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन ने इस अभियान के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासन एवं आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







