मंडला में झोलाछाप डॉक्टरों का बढ़ता जाल

बीजाडांडी में अवैध पाल क्लिनिक सील; दवाइयां और चिकित्सा उपकरण जब्त
बंदे भारत
जिले में बिना वैध चिकित्सकीय अनुमति के संचालित हो रहे क्लीनिकों और कथित झोलाछाप डॉक्टरों का मामला एक बार फिर सामने आया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किए जाने की आशंका के बीच स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बीजाडांडी में बड़ी कार्रवाई की है।
यहां आशीष पाल द्वारा संचालित पाल क्लिनिक की जांच के दौरान अवैध रूप से रखी गई एलोपैथिक दवाइयां और चिकित्सा उपकरण मिले, जिन्हें टीम ने जब्त कर क्लिनिक को सील कर दिया।जांच में मिली एलोपैथिक दवाइयां और उपकरण प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 नवंबर को स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बीजाडांडी पहुंची और पाल क्लिनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान क्लिनिक में एलोपैथिक दवाइयां एवं चिकित्सा उपकरण पाए गए।
इनके संचालन और उपयोग से संबंधित वैध अनुमति एवं आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति को लेकर कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से संबंधित सामग्री जब्त कर क्लिनिक को सील कर दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय ऐसे क्लीनिकों पर कब होगी व्यापक कार्रवाई? बीजाडांडी में हुई यह कार्रवाई जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
आखिर ग्रामीण अंचलों में बिना उचित चिकित्सकीय योग्यता और वैधानिक अनुमति के इलाज करने वालों को अपना कारोबार संचालित करने का अवसर कैसे मिल रहा है? क्या स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को ऐसे क्लीनिकों की जानकारी नहीं है या फिर नियमित निगरानी का अभाव है?
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सीमित उपलब्धता का फायदा उठाकर यदि अपात्र लोग उपचार कर रहे हैं, तो यह आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। अब आवश्यकता केवल एक क्लिनिक को सील करने तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि जिलेभर में संचालित निजी क्लीनिकों, पैथोलॉजी सेंटरों और चिकित्सा प्रतिष्ठानों की योग्यता एवं पंजीयन की व्यापक जांच करने की है।
प्रशासन को ऐसे सभी संस्थानों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को योग्य चिकित्सकों से सुरक्षित उपचार मिल सके।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







