दीपावली की रात आग से 11 महादलित परिवारों के घर राख, प्रशासन ने दी राहत

दीपावली की रात आग से 11 महादलित परिवारों के घर राख, प्रशासन ने दी राहत
आधार कार्ड और जरूरी कागजात भी जले, प्रत्येक परिवार को मिलेगा 12 हजार रुपये का मुआवजा
मंझौल। एक संवाददाता
दीपावली की रात मंझौल पंचायत-1 के वार्ड संख्या दो में आग लगने से 11 महादलित परिवारों के फूस के घर जलकर राख हो गए। अगलगी की इस घटना में घरों में रखे बर्तन, कपड़े, अनाज, राशन और अन्य घरेलू सामान के साथ आधार कार्ड एवं जरूरी कागजात भी जल गए। वहीं, कुछ बकरी के बच्चे भी आग की चपेट में आ गए। आग लगने की सूचना पर स्थानीय लोगों और अग्निशमन दल की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सीओ नंदन कुमार ने बताया कि आग घूरा से लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि सह एबीवीपी नेता कन्हैया कुमार रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने में सहयोग किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को प्रशासन से राहत दिलाने का आश्वासन भी दिया।
अगली सुबह सरपंच प्रतिनिधि कन्हैया कुमार के आवास स्थित सरपंच कार्यालय में बीडीओ निरंजन कुमार एवं सीओ नंदन कुमार ने सभी 11 पीड़ित परिवारों के बीच चूड़ा, दालमोट, रसगुल्ला, पॉलिथीन शीट एवं साड़ी का वितरण किया।
सीओ ने बताया कि आपदा राहत योजना के तहत प्रत्येक पीड़ित परिवार को 12 हजार रुपये की सहायता राशि चेक के माध्यम से दी जाएगी। इसमें बर्तन के लिए 2500 रुपये, कपड़े के लिए 2500 रुपये तथा 7000 रुपये नकद सहायता शामिल है। पीड़ित परिवारों के आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य दस्तावेज जल जाने के कारण उन्हें बेयरर चेक देने की व्यवस्था की जा रही है। इस संबंध में बैंक प्रबंधक से भी बातचीत की गई है।
उन्होंने बताया कि जन वितरण प्रणाली के दुकानदार से बातचीत कर पीड़ित परिवारों के लिए राशन की व्यवस्था भी कराई जाएगी। वहीं, अगलगी में बकरियों की मौत की पुष्टि होने पर नियमानुसार अतिरिक्त राहत एवं कानूनी प्रक्रिया के तहत सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






