SBI बांसी सिटी शाखा पर सवाल, 85 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक को चेक से 10 हजार रुपये देने से किया इनकार

सिद्धार्थनगर जिले के बांसी में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बांसी सिटी शाखा की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बैंक में अपने ही खाते से चेक के माध्यम से रुपये निकालने पहुंचे 85 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक को कथित तौर पर भुगतान करने से इनकार कर दिया गया। आरोप है कि बैंक कर्मियों ने 10 हजार रुपये की रकम को कम बताते हुए उन्हें बाहर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) से पैसे निकालने की सलाह दी। मजबूरन बुजुर्ग को सीएससी केंद्र जाना पड़ा, जहां अपनी ही जमा पूंजी निकालने के लिए उन्हें अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ा। बैंक के इस रवैये को लेकर स्थानीय उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के 85 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक राम सजन अपने बचत खाते से आवश्यक कार्य के लिए 10 हजार रुपये निकालने एसबीआई की बांसी शाखा पहुंचे थे। उनके पास 10 हजार रुपये का विधिवत हस्ताक्षरित चेक (चेक संख्या 394665) मौजूद था। आरोप है कि जब उन्होंने बैंक काउंटर पर चेक प्रस्तुत किया तो कर्मचारियों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। बुजुर्ग को कथित तौर पर यह कहते हुए बाहर ग्राहक सेवा केंद्र से रुपये निकालने के लिए भेज दिया गया कि इतनी कम रकम बैंक से नहीं मिलेगी।
वृद्धावस्था और शारीरिक कमजोरी के बावजूद बुजुर्ग शिक्षक को बैंक से वापस लौटकर सीएससी केंद्र जाना पड़ा। वहां से रकम निकालने के लिए उन्हें अतिरिक्त शुल्क चुकाना पड़ा। इस घटना से आहत बुजुर्ग ने अपनी परेशानी अन्य उपभोक्ताओं को बताई, जिसके बाद बैंक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
इस मामले को लेकर स्थानीय उपभोक्ता ज्ञानेश्वर सिंह सहित अन्य खाताधारकों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बैंक आम जनता की सुविधा और सेवा के लिए हैं, न कि ग्राहकों को छोटी रकम निकालने के लिए बाहर भेजने के लिए। खासकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उपभोक्ताओं ने कहा कि बैंक में उपलब्ध भुगतान सुविधा का लाभ खाताधारकों को मिलना चाहिए और किसी भी ग्राहक को अनावश्यक रूप से अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़े।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने बैंक के उच्चाधिकारियों और अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बैंक कर्मियों ने जानबूझकर भुगतान से इनकार किया है तो संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य बुजुर्ग या आम खाताधारक को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







