कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह चुन्नू ने मुख्यमंत्री से मिलकर की सड़कों और पुलों के निर्माण की मांग

कांठ विधानसभा क्षेत्र कांठ के विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या दूर कराने के उद्देश्य से कांठ के पूर्व भाजपा विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उनके पुत्र एवं भाजपा जिला मंत्री विक्रांत सिंह भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक ने कांठ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण, नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण के साथ ही गांगन और करूला नदियों पर पुलों के निर्माण की मांग प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
कांठ के पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की जनता की आवागमन संबंधी समस्याओं को रखते हुए बताया कि कई ग्रामीण मार्गों की स्थिति में सुधार और प्रमुख नदियों पर पुलों का निर्माण होने से दर्जनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने विकास खंड छजलैट के ग्राम मुंडाखेड़ी से शाहपुर और सहदौली होते हुए अमरोहा बाईपास तक लगभग 10 किलोमीटर मार्ग के नवनिर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग रखी। इसके अलावा मुरादाबाद-नूरपुर मार्ग पर ग्राम मथाना से शेखूपुरा, मनकुआ और अलीपुरा कुई होते हुए बूढ़ेरना नहर तक करीब नौ किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखा।
इसके साथ ही उन्होंने तीन प्रमुख पुलों के निर्माण की मांग की। इनमें ग्राम शेखूपुरा से कोठी खिदमतपुर मार्ग पर गांगन नदी, ग्राम मौढ़ा तैईया से चक कालीलेट मार्ग पर गांगन नदी तथा ग्राम मथाना से रसूलपुर गुर्जर मार्ग पर करूला नदी पर पुल निर्माण शामिल है। पूर्व विधायक ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण तथा नदियों पर पुल बनने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा। इससे किसानों को खेतों तक पहुंचने, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक जाने और व्यापारियों सहित आमजन को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क स्थापित होने से विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी। बताया गया कि मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावित विकास कार्यों को गंभीरता से सुना और उनके संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इस पर पूर्व विधायक ने क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास संबंधी मांगों को गंभीरता से सुनने तथा सकारात्मक आश्वासन देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







