बहादराबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; 10 चोरी की बाइक बरामद।

स्मैक के नशे की लत पूरी करने के लिए करता था मोटरसाइकिल चोरी, गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखे थे वाहन,
पांच वाहन चोरी के मुकदमों का खुलासा, आरोपी पहले भी जा चुका है जेल।
फुरकान अंसारी, संवाददाता।
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित हैं। इस कार्रवाई से पुलिस ने वाहन चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को उपनिरीक्षक विकास रावत, चौकी प्रभारी बाजार, पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो वह मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार के रूप में बताई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की थी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी किए गए वाहनों को वह गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल में छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं।
पुलिस जांच में बरामद 10 मोटरसाइकिलों में से पांच बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित पाई गईं। इनमें मु0अ0सं0 352/26, 396/26, 410/26, 411/26 और 412/26 शामिल हैं। वहीं, पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी संदिग्ध चोरी की पाई गई हैं, जिनमें बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित अन्य वाहन शामिल हैं। इनकी वास्तविक स्थिति और स्वामित्व का पता लगाने के लिए पुलिस सत्यापन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी पिरान कलियर और भगवानपुर थानों में वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अन्य पांच संदिग्ध मोटरसाइकिलों को धारा 35/106 बीएनएसएस के तहत कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: दीपक पुत्र सुंदर लाल, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार।
पुलिस टीम में शामिल: उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल बलवंत सिंह, पंकज बिष्ट, विक्रम सिंह और अवनेश राणा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







