कांठ में बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में असजद खान ने मारी बाजी, बने चैंपियन

कांठ नगर स्थित एक बैंक्विट हॉल में आयोजित ओपन इंटर स्टेट उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में दोनों राज्यों के 110 बॉडी बिल्डरों ने प्रतिभाग कर अपनी शारीरिक सौष्ठव और मांसपेशियों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जनपद बिजनौर निवासी असजद खान ने सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।

प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग के आठ ग्रुप में मुकाबले हुए। इसमें बिजनौर के असजद खान चैंपियन रहे। जूनियर वर्ग में भी आयु के आधार पर उन्हें विजेता घोषित किया गया। मुजफ्फरनगर के वासिफ सिद्दीकी प्रथम रनरअप तथा सहारनपुर के प्रतिभागी द्वितीय रनरअप रहे। बेस्ट पोजर का खिताब नजीबाबाद के अयान ने अपने नाम किया। जूनियर-सीनियर ग्रुप में मुरादाबाद के सुमित कुमार रनरअप घोषित किए गए। मेन फिजिक कैटेगरी में सरफराज (कॉसमॉस हॉस्पिटल) चैंपियन और अमन कुमार रनरअप रहे। वहीं 58 वर्षीय मुजफ्फरनगर निवासी वासिफ सिद्दीकी ने मास्टर कैटेगरी में बाजी मारी। फ्रेशर कैटेगरी में नजीबाबाद के रहबर चैंपियन बने।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने मंच पर अपने शरीर सौष्ठव और मसल्स का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। निर्णायक मंडल में तनवीर खां, स्टेट जज राहुल वशिष्ठ, राशिद काजी, शाहनवाज सिद्दीकी, मोहम्मद नाजिम और दीपक एडवोकेट शामिल रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तबरेज आलम और अति विशिष्ट अतिथि सेंट पॉल्स इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन जितेंद्र बिश्नोई ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के आयोजक बॉडी बिल्डर मोहम्मद फुरकान और राहुल शर्मा ने कमेटी के सदस्यों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार जताया। प्रतियोगिता में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, रुड़की और हरिद्वार की टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डॉ. सौरभ बिश्नोई, नवदीप शर्मा, पुष्पेंद्र बिश्नोई सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।


Report: Pankaj Kumar, Kanth ✍️
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






