जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मिले प्रमाणपत्र

*निबंध और क्विज से दिया मतदाता जागरूकता का संदेश, 198 संस्थाओं के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा*
*निबंध में 5,184 और क्विज में 5,049 विद्यार्थियों की सहभागिता*
बिलासपुर, 20 नवंबर,2026/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय अग्रवाल के निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले के स्कूलों और महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता के लिए निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से 2 से 20 नवंबर तक आयोजित इन प्रतियोगिताओं में जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों की कुल 198 शिक्षण संस्थाओं ने हिस्सा लिया। निबंध प्रतियोगिता में 5,184 और क्विज प्रतियोगिता में 5,049 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रकार दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 10,233 सहभागिताएं दर्ज हुईं।
प्रतियोगिताओं में कोटा विधानसभा क्षेत्र की 26, तखतपुर की 29, बिल्हा की 31, बिलासपुर की 18, बेलतरा की 43 और मस्तूरी की 51 संस्थाएं शामिल हुईं। संस्थागत स्तर के बाद विधानसभा एवं जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। जिला स्तर पर प्रतिभागियों की प्रतिभा का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए गए तथा प्रमाणपत्र जारी किए गए।
जिला स्तरीय निबंध और क्विज प्रतियोगिता आज बिलास कन्या कॉलेज में सम्पन्न हुई।जिसमें निबंध प्रतियोगिता में श्वेता अनंत, दीप्ति अनंत एवं प्रियांशी कोरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उर्वशी पाण्डेय द्वितीय रहीं। आयान निगम, चिरंजीवी, गौरव राठौर एवं आयुषी यादव ने तृतीय तथा निशा सारथी एवं अवधेश प्रताप साहू ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में अंजली कश्यप, आरव राव, आंचल राव, गीता यादव, पिंकी साहू एवं खुशबू पात्रे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बलराम साहू द्वितीय रहे, जबकि स्वांती यादव, आफरीन खातून एवं करण ध्रुव ने तृतीय स्थान हासिल किया। इन आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी लेखन क्षमता एवं निर्वाचन संबंधी ज्ञान प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही युवा पीढ़ी में जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी की भावना को प्रोत्साहन मिला।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






