विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, गाजीपुर में आठ ईडीसी केंद्रों पर मिलेगी ईवीएम से मतदान की जानकारी, 21 व 22 नवंबर को विशेष बूथ दिवस खबर जनपद गाजीपुर से। गाजीपुर। आगामी विधानसभा चुना

खबर जनपद गाजीपुर से।
गाजीपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाताओं को ईवीएम से मतदान की प्रक्रिया की जानकारी देने और जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में कुल आठ ईडीसी (ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर) केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर पहुंचकर कोई भी मतदाता अथवा आम नागरिक ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की पूरी प्रक्रिया को समझ सकता है और उसका प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक ईडीसी केंद्र तथा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में एक अतिरिक्त केंद्र स्थापित किया गया है। इस प्रकार जिले में कुल आठ केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। ये केंद्र सदर तहसील, जखनियां, सैदपुर, मोहम्मदाबाद सहित सभी तहसीलों में उपलब्ध हैं। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो लोगों को ईवीएम के संचालन एवं मतदान प्रक्रिया की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि ईडीसी केंद्रों पर मतदाताओं को बैलेट यूनिट के माध्यम से वोट डालने, मतदान के दौरान ईवीएम की कार्यप्रणाली तथा वीवीपैट (VVPAT) की उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया जाएगा। मतदाता यह भी देख सकेंगे कि जिस प्रत्याशी के पक्ष में वे बटन दबाते हैं, वीवीपैट मशीन में उसी प्रत्याशी के चुनाव चिह्न और नाम से संबंधित पर्ची कुछ सेकंड के लिए दिखाई देती है। इसका उद्देश्य मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में विश्वास पैदा करना और अधिक से अधिक नागरिकों को जागरूक करना है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे तहसील अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित ईडीसी केंद्रों पर पहुंचकर ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया को स्वयं समझें और दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आगामी 21 एवं 22 नवंबर को विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इन दोनों दिनों में सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने विशेष रूप से उन नागरिकों से अपील की, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। उन्होंने महिलाओं की मतदाता सूची में कम भागीदारी पर चिंता जताते हुए कहा कि अधिक से अधिक महिलाएं आगे आकर अपना पंजीकरण कराएं, ताकि मतदाता सूची में जेंडर रेशियो में सुधार हो सके। मतदाता अपने संबंधित बीएलओ को आवेदन दे सकते हैं अथवा भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं
निर्वाचन विभाग की अपील है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इसलिए 21 और 22 नवंबर को विशेष बूथ दिवस का लाभ उठाएं, अपना नाम मतदाता सूची में जांचें और यदि नाम छूटा है तो तत्काल जुड़वाने के लिए आवेदन करें।
जिला संवाददाता विवेकानंद राय
गाज़ीपुर
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।






