नशा तस्करों पर रेवाड़ी पुलिस ने कसा शिकंजा: अवैध नशीला पदार्थ गांजा उपलब्ध कराने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

रेवाड़ी( सुरेश सिहाग )पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना धारूहेड़ा पुलिस ने अवैध नशीला पदार्थ गांजा उपलब्ध कराने के मामले मे एक और आरोपी को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान प्रिंस उर्फ कुकडिया निवासी मोहल्ला हरिनगर, धारूहेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
यह था पूरा मामला
जांचकर्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गत 21/22 अक्टूबर की रात सीआईए धारूहेड़ा पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि धारूहेड़ा के मोहल्ला हरिनगर स्थित गली नंबर-4 में एक किराए की बिल्डिंग के सामने एक युवक अवैध रूप से गांजा बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीआईए धारूहेड़ा की टीम ने तुरंत एक रेडिंग पार्टी का गठन कर बताए गए स्थान पर दबिश दी और मुस्तैदी दिखाते हुए संदिग्ध युवक को मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अमित शर्मा निवासी गांव रानीताल, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश), हाल किराएदार मोहल्ला हरिनगर, धारूहेड़ा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान हुई थी भारी बरामदगी
नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के किराए के कमरे नुमा स्टोर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां शराब की खाली पेटियों के नीचे छिपाकर रखा गया 2 किलो 44 ग्राम गांजा (दो बंडल), एक डिजिटल तराजू, पैकिंग के लिए पॉलीथिन और एक स्टेपलर बरामद किया गया। इस पर पुलिस ने थाना धारूहेड़ा में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी अमित शर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में खुला था नाम, अब 1 दिन के रिमांड पर
पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी अमित शर्मा ने खुलासा किया था कि उसे यह अवैध नशीला पदार्थ गांजा प्रिंस उर्फ कुकडिया ने उपलब्ध करवाया था। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए थाना धारूहेड़ा पुलिस ने आरोपी प्रिंस उर्फ कुकडिया को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी प्रिंस उर्फ कुकडिया को माननीय अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रेवाड़ी पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ यह विशेष अभियान क्षेत्र में आगे भी लगातार सख्ती से जारी रहेगा।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







