प्रोत्साहन राशि के नाम पर वसूली का आरोप, CHO अभिषेक सिंह और लेखापाल राजीव रंजन जांच के घेरे में

संवाददाता अखिलेश कुमार विश्वकर्मा श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। अनुमंडलीय अस्पताल श्री बंशीधर नगर में सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो और समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। एसडीओ प्रभाकर मिर्धा एवं गढ़वा के सिविल सर्जन डॉ. जॉन ऑफ केनेडी ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में कार्यरत सीएचओ से बातचीत कर उनका पक्ष जाना।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में कथित तौर पर दो सीएचओ के बीच प्रोत्साहन राशि के भुगतान के एवज में पैसे की मांग को लेकर बातचीत सामने आई है। ऑडियो में सिविल सर्जन के नाम पर प्रति सीएचओ चार हजार रुपये और कुछ कर्मियों से पांच हजार रुपये तक मांगे जाने की बात सुनाई दे रही है। बताया जाता है कि श्री बंशीधर नगर क्षेत्र के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कुल 18 सीएचओ कार्यरत हैं। इन्हें निर्धारित मानदेय के अतिरिक्त कार्य के आधार पर प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर सीएचओ अभिषेक सिंह का नाम भी सामने आया है।
सभी 18 सीएचओ ने अभिषेक सिंह पर लगाया पैसे मांगने का आरोप
जांच के दौरान अधिकारियों के सामने सीएचओ ने अपनी शिकायतें रखीं। बताया गया कि सीएचओ ने सामूहिक रूप से अभिषेक सिंह पर पैसे की मांग करने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि कथित रूप से वसूली की राशि अस्पताल के लेखापाल राजीव रंजन के माध्यम से ली जाती थी। सीएचओ के इन बयानों के बाद मामला और गंभीर हो गया है। अब जांच में कथित वसूली के तरीके, इसमें शामिल लोगों और प्रोत्साहन राशि के भुगतान की प्रक्रिया को भी खंगाला जा रहा है।
अभिषेक सिंह और लेखापाल राजीव रंजन के विरुद्ध होगी कार्रवाई : सिविल सर्जन
जांच के बाद सिविल सर्जन डॉ. जॉन ऑफ केनेडी ने बताया कि वायरल ऑडियो सुनने पर प्रथम दृष्टया दो सीएचओ के बीच प्रोत्साहन राशि को लेकर बातचीत सामने आई है। ऑडियो में बातचीत करने वाले दोनों सीएचओ फिलहाल छुट्टी पर हैं। हालांकि उनसे फोन पर बात की गई है। इनमें एक पक्ष ने पैसे की मांग किए जाने की बात स्वीकार की है, जबकि दूसरे पक्ष ने इससे इनकार किया है।
उन्होंने बताया कि ऑडियो में जिन अन्य सीएचओ के नाम सामने आए हैं, उनमें से कुछ ने पैसे मांगे जाने की पुष्टि की है, जबकि कुछ ने इससे इनकार किया है। अभिषेक सिंह द्वारा कथित तौर पर मांगी गई राशि लेखापाल राजीव रंजन को दिए जाने की बात भी सामने आई है। सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि इस पूरे प्रकरण में अभिषेक सिंह और लेखापाल राजीव रंजन के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
अब पारदर्शी तरीके से होगा प्रोत्साहन राशि का भुगतान
सिविल सर्जन ने कहा कि अब सीएचओ को उनके मानदेय के साथ प्रोत्साहन राशि का भी भुगतान किया जाएगा। सीएचओ जितना कार्य करेंगे, उसी के अनुरूप उन्हें प्रोत्साहन राशि मिलेगी। भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की शिकायत सामने नहीं आए। प्रशासनिक जांच के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







