मोबाइल हैक कर मंडी व्यापारी के बैंक खाते से उड़ाए 70 हजार रुपये, कुठला थाने में शिकायत दर्ज
मोबाइल गर्म होने के बाद अचानक गायब हुआ पूरा डेटा, खाते से रकम निकलने का मैसेज देख व्यापारी के उड़े होश
कटनी। शहर में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला कृषि उपज मंडी रोड निवासी मंडी व्यापारी ओमप्रकाश प्यासी से जुड़ा है, जहां कथित तौर पर मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए गए। ऑनलाइन ठगी की इस घटना के बाद पीड़ित ने कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित ओमप्रकाश प्यासी के अनुसार, घटना वाले दिन उन्होंने सुबह अपने मोबाइल की बैटरी पूरी तरह चार्ज की थी और इसके बाद घर से मंडी के लिए रवाना हुए थे। शुरुआत में मोबाइल सामान्य रूप से काम कर रहा था, लेकिन मंडी पहुंचने के कुछ घंटे बाद जब उन्होंने अपना फोन देखा तो उसकी बैटरी पूरी तरह खत्म हो चुकी थी। इतना ही नहीं, मोबाइल असामान्य रूप से गर्म भी हो रहा था।
मोबाइल को दोबारा चार्ज कर चालू करने पर व्यापारी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब फोन का पूरा डेटा गायब मिला। इसी दौरान उनके बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज भी सामने आया। अचानक हुई इस घटना से व्यापारी के होश उड़ गए।
पीड़ित को आशंका है कि किसी साइबर अपराधी ने उनके मोबाइल को हैक कर बैंक खाते से ऑनलाइन रकम पार कर दी। मोबाइल का अचानक गर्म होना, डेटा गायब होना और खाते से रकम निकलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर मोबाइल सुरक्षा और ऑनलाइन बैंकिंग को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
रिपोर्ट—राकेश निषाद
AIMA MEDIA-24×7 — जन जन की आवाज़
वंदे भारत लाईव न्यूज
📱 7509747686