नागपुर में जन्मदिन की पार्टी में खूनी खेल: नशे में धुत डीजे संचालक ने दिखाया रिवॉल्वर का रौब, गोली लगने से 17 वर्षीय छात्र गंभीर

समीर वानखेड़े ब्यूरो चीफ:
नागपुर शहर के मानेवाड़ा इलाके स्थित अध्यापक नगर में जन्मदिन का जश्न उस समय दहशत और खून-खराबे में बदल गया, जब शराब के नशे में धुत एक डीजे कारोबारी ने अवैध रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। इस घटना में उसके पास काम करने वाले 17 वर्षीय नाबालिग लड़के के सिर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल किशोर की पहचान अर्जुन सुनील लाडसे के रूप में हुई है, जिसका एम्स (AIIMS) अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी डीजे व्यवसायी शैलेश हिरामण गुल्हाने (35) समेत मौके पर मौजूद अन्य युवकों को हिरासत में ले लिया है।
रौब दिखाने के चक्कर में हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, हुडकेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के मानेवाड़ा परिसर में जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ युवक महाल्ले सभागृह के पास बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे और आपस में गपशप कर रहे थे।
इस दौरान 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला अर्जुन लाडसे भी वहां मौजूद था, जो शैलेश गुल्हाने के पास काम करता है। बातचीत के दौरान अर्जुन ने शैलेश को बताया कि उसकी कक्षा के कुछ लड़के उसे परेशान कर रहे हैं।
इस पर शराब के नशे में चूर शैलेश ने उसे न डरने की बात कहते हुए अपने पास हथियार होने का रौब दिखाया। हवाई फायरिंग के बाद अर्जुन पर तान दी रिवॉल्वर
नशे की हालत में शैलेश घर के अंदर गया और एक अवैध रिवॉल्वर लेकर बाहर आया।
उसने वहां मौजूद युवकों के सामने हवा में एक गोली दागी। इसके बाद उसने दूसरी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन ट्रिगर दबाने पर गोली नहीं चली।
इसके बाद शैलेश ने रिवॉल्वर की मैगजीन निकाली और हथियार को अर्जुन की तरफ तान दिया। इसी बीच अगले ही पल ट्रिगर दब गया और रिवॉल्वर में पहले से लोड गोली सीधे अर्जुन के सिर में जा लगी।
एम्स में हालत नाजुक, अवैध हथियार की जांच में जुटी पुलिस
अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद युवकों में अफरा-तफरी मच गई। खून से लथपथ जमीन पर गिरे अर्जुन को आनन-फानन में उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की यूनिट-4 और हुडकेश्वर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शैलेश गुल्हाने और घटनास्थल पर मौजूद अन्य युवकों को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रिवॉल्वर में पहले से गोली लोड होने के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, किन परिस्थितियों में गोली चली और हथियार संभालने में क्या चूक हुई, पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर अवैध है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि शैलेश के पास यह हथियार कहां से आया, वह इसे कितने समय से अपने पास रख रहा था और क्या पहले भी इसका इस्तेमाल किया गया है।
जन्मदिन की पार्टी में महज हथियार का रौब दिखाने के चक्कर में एक नाबालिग की जान पर बन आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







