
,धनबाद में कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, फायर सेफ्टी में लापरवाही पर कई सेंटर बंद l
छात्रों की सुरक्षा को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) श्री लोकेश बारंगे के नेतृत्व में जिला प्रशासन की विशेष टीमों ने सिटी सेंटर और सरायढेला क्षेत्र के कई कोचिंग संस्थानों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कई बड़े और छोटे कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई। जांच में पाया गया कि कई संस्थानों में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध नहीं थे। वहीं कई जगहों पर इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी नहीं थी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में छात्रों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था।
प्रशासनिक टीम ने पाया कि कई कोचिंग सेंटरों में क्षमता से कहीं अधिक छात्रों को एक साथ बैठाया जा रहा था। इसके अलावा वेंटिलेशन की भी भारी कमी थी। अधिकारियों ने इसे सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कई संस्थानों से छात्रों को बाहर निकलवाया और संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जांच में जिन संस्थानों में गंभीर कमियां पाई गईं, उन्हें सभी आवश्यक सुरक्षा मानक पूरा होने तक तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए संबंधित कोचिंग संचालकों से लिखित रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज भी प्राप्त किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित संस्थान जिला अग्निशमन विभाग से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) प्राप्त नहीं कर लेते और सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं कर लेते, तब तक वहां कक्षाओं का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इस संबंध में एसडीएम श्री लोकेश बारंगे ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संस्थान को व्यावसायिक लाभ के लिए बच्चों की जान जोखिम में डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी कोचिंग संचालकों को सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनी सुरक्षा व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों की भी जांच की जाएगी ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री लोकेश बारंगे, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री संजय झा, अंचल अधिकारी श्री राम प्रवेश कुमार, जिला अग्निशमन पदाधिकारी श्री लक्षण प्रसाद, नगर निगम के अधिकारी, जिला सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आलोक कुमार मिश्रा, संबंधित थाना प्रभारी तथा विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।











