नई तकनीक और जनविश्वास से फिर मजबूत हुआ भारतीय डाक विभाग, उत्कृष्ट सेवाओं पर डाक कर्मियों का हुआ सम्मान


डीडवाना। भारतीय डाक विभाग लगातार आधुनिक तकनीकों, डिजिटल सेवाओं और जनहितकारी योजनाओं के जरिए अपनी सेवाओं का दायरा बढ़ा रहा है। विभाग एक बार फिर आमजन के बीच उसी भरोसे और मजबूती के साथ अपनी पहचान स्थापित कर चुका है, जिसके लिए वह वर्षों से जाना जाता रहा है। यह बात नागौर मंडल के मंडल डाक अधीक्षक एन.आर. चौधरी ने गुरुवार को डीडवाना में आयोजित जिला स्तरीय ECR रिव्यू मीटिंग एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग की यह सफलता कर्मचारियों की मेहनत, नई तकनीकों को अपनाने और आमजन के निरंतर सहयोग का परिणाम है। आज डाक विभाग पारंपरिक सेवाओं के साथ-साथ डिजिटल बैंकिंग, बीमा, बचत योजनाओं और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) जैसी आधुनिक सेवाओं के माध्यम से लोगों तक तेजी से पहुंच बना रहा है।
डाक निरीक्षक देवीचंद कटारिया ने बताया कि भारतीय डाक विभाग, नागौर मंडल की ओर से डीडवाना-कुचामन जिले के उपमंडल के शाखा डाकघरों के लिए जिला स्तरीय ECR रिव्यू मीटिंग एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन मंडल डाक अधीक्षक एन.आर. चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य डाक कर्मियों का उत्साहवर्धन करना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर अन्य कार्मिकों को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक अधीक्षक महावीर प्रसाद सैनी, निरीक्षक डाकघर डीडवाना देवीचंद कटारिया, निरीक्षक डाकघर मकराना आदित्य सिंह तथा मुख्य डाकपाल महेश कुमार टाक मौजूद रहे।
बैठक में डीडवाना उपमंडल के शाखा डाकघरों की ECR समीक्षा की गई। इस दौरान वार्षिक राजस्व अर्जन, बचत बैंक, आवर्ती जमा (RD), डाक जीवन बीमा (PLI), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB), आर्टिकल बुकिंग तथा अन्य डाक सेवाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न बचत एवं बीमा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
समारोह में वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शाखा डाकपालों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित कार्मिकों में प्रमुख रूप से—
डाक जीवन बीमा (PLI): शंकरलाल (नुवा), मोहम्मद हनीफ (मालगांव) एवं बाबूलाल (बेगसर)।
बचत बैंक अभियान: बाबूलाल (बेगसर), शंकरलाल (नुवा) एवं कुलदीप सिंह (क्यामसर)।
आर्टिकल बुकिंग: लक्ष्मण शर्मा (ध्यावा), चंद्रशेखर तूनवाल (सूदरासन) एवं शंकरलाल (नुवा)।
ECR उत्कृष्ट प्रदर्शन: सुनील कुमारी (खारिया), बाबूलाल (बेगसर) एवं मोहम्मद हनीफ (मालगांव)।
विशेष सम्मान: डाक अधिदर्शक प्रथम मूलाराम, डाक अधिदर्शक द्वितीय महेंद्र कुमार मीणा, डाक अधिदर्शक तृतीय पुष्कर राज शर्मा तथा कार्यालय सहायक दिनेश कुमार टेलर।
लाइव खाते एवं सक्षम शाखा डाकघर: शंकरलाल (नुवा), बाबूलाल (बेगसर) एवं मांगीलाल (कुसुंबी)।
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB): बाबूलाल (बड़ी छापरी), मोहम्मद हारून (गणेशपुरा) एवं अंकित (बरंगाना)।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने भारतीय डाक विभाग की नवीन बीमा योजनाओं, बचत योजनाओं और डिजिटल सेवाओं की भी विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य डाकपाल डीडवाना महेश कुमार टाक ने कहा कि भारतीय डाक विभाग पिछले 150 वर्षों से अधिक समय से देशवासियों की सेवा में समर्पित है। बदलते समय के साथ विभाग ने आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपनी सेवाओं का विस्तार किया है। आज डाक विभाग पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ डिजिटल वित्तीय सेवाओं, बैंकिंग और बीमा क्षेत्र में भी तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य डाकपाल महेश कुमार टाक ने किया, जबकि अंत में निरीक्षक डाकघर देवीचंद कटारिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान “जन गण मन” के साथ हुआ।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।




