

नर्सिंग छात्राओं को दी गई हेपेटाइटिस से बचाव की जानकारी, लगाया गया सुरक्षा टीका
जिले भर के स्वास्थ्य संस्थानों में चला व्यापक जन-जागरूकता अभियान सूरजपुर/ जिला सूरजपुर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के कुशल मार्गदर्शन में विश्व वायरल हेपेटाइटिस दिवस का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप नामदेव के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर वीएम नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने आगे बढ़कर आमजन को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करने का बीड़ा उठाया। छात्राओं द्वारा हेपेटाइटिस के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर जांच व टीकाकरण के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसी क्रम में छात्राओं को हेपेटाइटिस से सुरक्षा हेतु वैक्सीन भी लगाई गई, जिससे उन्हें भविष्य में इस बीमारी से बचाव में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि जिला सूरजपुर के समस्त विकासखंडों तथा सभी स्वास्थ्य संस्थाओं ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे वायरल हेपेटाइटिस से निपटने के लिए जन-जागरूकता को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिला। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से विशेष अपील की गई कि वे हेपेटाइटिस के लक्षणों के प्रति सजग रहें, लापरवाही न बरतें तथा समय रहते जांच व टीकाकरण अवश्य कराएं ताकि इस गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।










