बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ की समन्वय बैठक
बालिका छात्रावास का निरीक्षण एवं बाल अधिकारों से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश
धार, 2 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा एवं सदस्य श्री सोमिन निमामा ने 31 अगस्त को धार जिले के प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग सहित संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की।
बैठक में बाल अधिकारों के संरक्षण, बच्चों से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिले में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। आयोग की अध्यक्ष ने अधिकारियों को बाल अधिकारों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्राम धानी स्थित प्रोजेक्ट विद्यालय द्वारा संचालित बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए गए। साथ ही छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में पुलिस विभाग द्वारा जिले में चलाए जा रहे मुस्कान अभियान के माध्यम से आमजन को जागरूक करने तथा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी आयोग की अध्यक्ष को दी गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, सहायक संचालक शिक्षा, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।