बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

श्री बंशीधर नगर। बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त करते हुए गीत, नृत्य सहित विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की खास बात रही कि कक्षा 06 से 08 तक के विद्यार्थियों ने एक दिन के लिए शिक्षक की भूमिका निभाई और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लिया। विद्यालय के हेड बॉय दिवाकर कुमार एवं हेड गर्ल दीक्षा पांडेय ने विद्यार्थी परिषद के प्रमुख के रूप में कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न गीतों और नृत्यों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के साथ केक कटिंग की गई। वहीं विद्यालय की मैनेजमेंट टीम की ओर से सभी शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों के लिए विशेष लंच का आयोजन किया गया। इसके अलावा शिक्षकों को सरप्राइज गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम की खुशी और बढ़ गई।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री बीरेंद्र सिंह, डायरेक्टर श्री मनीष कुमार सिंह, को-डायरेक्टर श्री युवराज सिंह एवं प्राचार्य श्री रविश प्रजापति ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके समर्पण, मेहनत एवं योगदान की सराहना की।
प्राचार्य श्री रविश प्रजापति ने कहा कि शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका समर्पण और मार्गदर्शन विद्यार्थियों की सफलता की मजबूत नींव है। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान में विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।
चेयरमैन श्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे बच्चों को सही दिशा, संस्कार और ज्ञान देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं।
डायरेक्टर श्री मनीष कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और जीवन-मूल्यों के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
को-डायरेक्टर श्री युवराज सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों के समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। गुरु-शिष्य के स्नेह, सम्मान और अपनत्व से सराबोर यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







