500 शिक्षार्थियों को वितरित किए गए फलदार व छायादार पौधे

दुद्धी, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_विकासखंड दुद्धी क्षेत्र स्थित प्रसाद कुंवर पब्लिक स्कूल में गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय द्वारा “संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ते एक कदम” थीम के साथ 500 शिक्षार्थियों को विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे वितरित किए गए। सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने घरों एवं आसपास के सुरक्षित स्थानों पर पौधरोपण कर उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत दुद्धी के चेयरमैन कमलेश मोहन ने विद्यार्थियों को पौधे वितरित करते हुए कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग, घटते जलस्तर, सूखा, बाढ़, अकाल तथा पिघलते ग्लेशियर जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत दुद्धी स्वच्छता मिशन के ब्रांड एंबेसडर जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का राष्ट्रीय संकल्प है। इसे सफल बनाना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
सेवानिवृत्त क्रय-विक्रय सचिव विंध्यवासिनी प्रसाद ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय व्यापक स्तर पर पौधारोपण है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार, उपेन्द्र कुमार तिवारी एवं अशोक कनौजिया ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. लवकुश प्रजापति ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 500 विद्यार्थियों द्वारा पौधरोपण का संकल्प पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सामूहिक प्रयासों से ही हरित एवं स्वच्छ भारत का सपना साकार होगा।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रबंधक मोहम्मद जावेद, अभिषेक, यशस्वी कपूर, पी.एन. सिंह, रेशमा सुब्बा, मोनिका, निशि, हिना सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।







