सागर में एयरपोर्ट निर्माण कार्य के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * मध्यप्रदेश विधानसभा में खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा उठाए गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी है कि सागर संभागीय मुख्यालय में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने अपने लिखित उत्तर में बताया कि एयरपोर्ट निर्माण का कार्य मुख्यतः केंद्र सरकार की एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र में आता है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सागर के आसपास विमानतल निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि के चिन्हांकन हेतु जिला कलेक्टर को पत्र भेजा गया है, जिससे आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में प्रश्न के माध्यम से सागर संभागीय मुख्यालय पर एयरपोर्ट निर्माण के संबंध में सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई तथा केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की स्थिति की जानकारी मांगी थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उत्तर में स्पष्ट किया कि सागर में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उपयुक्त भूमि का चयन होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विधानसभा में इस महत्वपूर्ण विषय को उठाते हुए विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सागर संभाग जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र के लिए एयरपोर्ट की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल क्षेत्र के उद्योग, व्यापार, निवेश और पर्यटन को नई गति मिलेगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य तथा प्रशासनिक दृष्टि से भी पूरे संभाग को दीर्घकालीन लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने इस विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए उत्तर से स्पष्ट हुआ है कि सागर में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हांकन का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही एयरपोर्ट की मांग को गति मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
🔔 Vande Bharat News Alerts
नई प्रमुख खबरों की browser notification पाने के लिए Subscribe करें।





