महराजगंज: जिलाधिकारी और एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार, 12 अगस्त 2026 को जिला कारागार महराजगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों के अचानक जेल पहुंचने से कारागार प्रशासन में भी सक्रियता बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की सभी बैरकों का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही निरुद्ध बंदियों की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लेने के साथ संबंधित अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया। कारागार परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
जेल अधीक्षक ने अधिकारियों को अवगत कराया कि कारागार में सुरक्षा मानकों के अनुरूप नियमित रूप से तलाशी और निरीक्षण की कार्रवाई की जाती है। अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने, बैरकों का नियमित निरीक्षण करने तथा शातिर एवं संवेदनशील बंदियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि कारागार में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर उसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। प्रशासन की ओर से जेल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।